जमशेदपुर: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन ने शुक्रवार को पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका प्रखंड अंतर्गत खैरपाल और देवली में दुर्गा पूजा पंडालों का विधिवत उद्घाटन किया. इस दौरान उन्होंने मां दुर्गा की पूजा-अर्चना कर देशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली, शांति और उज्ज्वल भविष्य की कामना की.


खैरपाल स्थित बांग्ला क्लब में आयोजित उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे. पूर्व मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन ने मां दुर्गा के चरणों में शीश नवाकर आशीर्वाद लिया. उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा जैसे पर्व हमारी सांस्कृतिक परंपराओं के साथ सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे के भी प्रतीक हैं. त्योहारों को प्रेम, सौहार्द और मिल-जुलकर मनाने की परंपरा को आगे बढ़ाने की जरूरत है.

इसके बाद चम्पाई सोरेन देवली पहुंचे, जहां उन्होंने दुर्गा पूजा पंडाल का उद्घाटन कर मां दुर्गा की आराधना की. दोनों स्थानों पर पूजा को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह और भक्तिमय माहौल देखने को मिला.

इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री के पुत्र बाबलू सोरेन, जिला परिषद सदस्य सूरज मंडल, गुरु प्रसाद महतो, मिथुन कुंभकार, पलटू मंडल, गणेश सरदार और मीनाल पाल सहित पूजा कमेटी के सदस्य एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे.
रिपोर्ट: रासबिहारी मंडल

