जामताड़ा: जिले के करमाटांड़ थाना क्षेत्र के गोपालपुर गांव में शुक्रवार को एक 22 वर्षीय विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका हुआ मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतका की पहचान फूल कुमारी के रूप में हुई है. उसका शव एक खपड़ैल मकान में साड़ी के फंदे से लटका मिला. घटना के बाद ससुराल पक्ष के सभी सदस्यों के फरार होने की बात सामने आई है. वहीं, मृतका की मां ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का गंभीर आरोप लगाया है.


सूचना पर पहुंचे परिजन, पुलिस ने शव को कब्जे में लिया
घटना की जानकारी मिलने के बाद पड़ोसियों ने मृतका के परिजनों को सूचना दी. खबर मिलते ही करमाटांड़ थाना क्षेत्र के कालाझरिया सामू पोखर से मृतका के परिजन गोपालपुर गांव पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी. सूचना मिलते ही करमाटांड़ थाना प्रभारी और एएसआई कमलेश कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है.

मां ने लगाया दहेज प्रताड़ना का आरोप
मृतका की मां मंजू देवी ने अपनी बेटी की मौत के लिए ससुराल वालों को जिम्मेदार ठहराते हुए दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाया है. उन्होंने बताया कि फूल कुमारी की शादी करीब दो साल पहले हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही उसे कथित तौर पर बार-बार प्रताड़ित किया जा रहा था. मंजू देवी के अनुसार, गुरुवार दोपहर को भी उनकी बेटी से बातचीत हुई थी। उस समय सब कुछ सामान्य लग रहा था और उन्हें किसी अनहोनी की आशंका नहीं थी. ऐसे में शुक्रवार को बेटी का शव फंदे से लटका मिलने की खबर ने परिवार को झकझोर कर रख दिया. उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर रात में ऐसा क्या हुआ, जिसके बाद उनकी बेटी की मौत हो गई.
परिजनों ने की निष्पक्ष जांच की मांग
फूल कुमारी की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. परिवार के सदस्यों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है.
फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। विवाहिता की मौत आत्महत्या है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, यह जांच का विषय है. मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा. मामले में पुलिस की आधिकारिक विस्तृत प्रतिक्रिया की पुष्टि होना अभी बाकी है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

