लोहरदगा: दुर्गा पूजा-2026 के शांतिपूर्ण और सुरक्षित आयोजन को लेकर उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी संदीप कुमार मीना और पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी ने वरीय अधिकारियों के साथ कुडू प्रखंड के विभिन्न पूजा पंडालों का निरीक्षण किया. अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, अग्निशमन, विद्युत कनेक्शन, CCTV निगरानी, पेयजल और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया.


डीसी-एसपी ने ब्लॉक मोड़ स्थित मां अम्बे दुर्गा पूजा समिति, दुर्गा बाड़ी बाजार टांड़, मनोकामना सिद्धि पीठ देवी मंडप भवानीपुर, महावीर मंदिर स्थित जय माता दी दुर्गा पूजा समिति, न्यू बस स्टैंड की मां शक्ति दुर्गा पूजा समिति और टाटी की शिव शक्ति दुर्गा पूजा समिति के पंडालों का निरीक्षण किया.
अलग प्रवेश-निकास और अग्निशमन व्यवस्था के निर्देश
उपायुक्त ने पूजा समितियों को पंडाल में नायलॉन के कपड़ों का इस्तेमाल नहीं करने, मानकों के अनुरूप बिजली कनेक्शन रखने, बालू भरी बाल्टियां और अग्निशमन यंत्र उपलब्ध रखने के निर्देश दिए. इसके अलावा अलग-अलग प्रवेश एवं निकास द्वार, पर्याप्त रोशनी, पेयजल, पब्लिक एड्रेस सिस्टम और पहचान पत्र व ड्रेस कोड के साथ स्वयंसेवकों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया. प्रतिमा विसर्जन निर्धारित रूट और समय के अनुसार करने तथा विसर्जन स्थलों पर गोताखोरों की व्यवस्था के निर्देश भी दिए गए.
3 बजे से भारी वाहनों की एंट्री पर रोक
दंडाधिकारियों और पुलिस अधिकारियों को निर्धारित स्थानों पर समय से मौजूद रहकर भीड़ एवं विधि- व्यवस्था पर निगरानी रखने को कहा गया. प्रतिदिन अपराह्न 3 बजे से भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक का सख्ती से अनुपालन कराने के साथ चेकनाका, रूट डायवर्सन, एंटी क्राइम चेकिंग और सोशल मीडिया की निगरानी के निर्देश दिए गए.
एसपी सादिक अनवर रिजवी ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. पर्याप्त पुलिस बल एवं RAF की तैनाती की गई है. दशहरा को लेकर जिला नियंत्रण कक्ष 24 घंटे सक्रिय रहेगा. आवश्यकता पड़ने पर 7004400718 पर संपर्क किया जा सकता है.
निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त राज महेश्वरम, परियोजना निदेशक सुषमा नीलम सोरेंग, एसडीओ अमित कुमार, एसडीपीओ श्रद्धा केरकेट्टा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे.

