लोहरदगा: त्योहारों के दौरान मिलावटी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने शनिवार को कैरो प्रखंड मुख्यालय में विशेष जांच-सह-जागरूकता अभियान चलाया. मिष्ठान भंडार, होटल, किराना दुकान, फल-सब्जी के खुदरा एवं थोक विक्रेताओं के साथ पूजा पंडालों के आसपास लगे ठेले-खोमचों की जांच की गई.


जांच के दौरान करीब आधा दर्जन दुकान संचालकों को बिना वैध लाइसेंस प्रतिष्ठान संचालित करने पर नोटिस जारी किया गया. विभाग के अनुसार मेसर्स साहू होटल के किचन में साफ-सफाई की व्यवस्था खराब मिली और लड्डू में अखाद्य रंग पाया गया. वहीं मेसर्स वैष्णवी मिष्ठान भंडार बिना वैध लाइसेंस संचालित पाया गया. यहां छोले और जलेबी की मौके पर हुई जांच में अखाद्य रंग मिलने की बात सामने आई.
खाद्य सामग्री नष्ट, दोनों प्रतिष्ठानों पर अर्थदंड
विभाग ने असुरक्षित पाए गए खाद्य पदार्थों को मौके पर नष्ट कराते हुए दोनों प्रतिष्ठानों पर कुल पांच हजार रुपये का अर्थदंड लगाया. अभियान के दौरान दुकानदारों को एक्सपायरी सामान के प्रबंधन और खाद्य सामग्री के सुरक्षित रख-रखाव की जानकारी दी गई. ठेले-खोमचे संचालकों को व्यक्तिगत स्वच्छता और ठेले की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया गया.
मिष्ठान विक्रेताओं को पनीर, खोवा, मिल्क केक और मिठाइयों सहित अन्य खाद्य सामग्री केवल वैध लाइसेंसधारी एवं अधिकृत आपूर्तिकर्ताओं से खरीदने को कहा गया. विभाग ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के प्रावधानों का उल्लंघन मिलने पर कार्रवाई जारी रखने की चेतावनी दी है. अभियान में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी मोइन अख्तर, विश्वनाथ गगराई सहित विभागीय कर्मी मौजूद रहे.

