गम्हरिया: छोटा गम्हरिया पंचायत अंतर्गत बाल्मीकि नगर में मुड़ी कंपनी द्वारा ट्रांसफार्मर शिफ्ट किए जाने के मामले ने विवाद का रूप ले लिया है. स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने इसका विरोध करते हुए आशंका जताई है कि ट्रांसफार्मर शिफ्ट करने की आड़ में सार्वजनिक सड़क और सरकारी नाला की जमीन पर अतिक्रमण किया जा सकता है.


सार्वजनिक जमीन प्रभावित होने पर आवागमन में होगी परेशानी
जनप्रतिनिधियों का कहना है कि सार्वजनिक सड़क और सरकारी नाला की जमीन आम लोगों के उपयोग के लिए है. यदि ट्रांसफार्मर शिफ्ट करने की प्रक्रिया में इन जमीनों की वास्तविक स्थिति प्रभावित होती है, तो स्थानीय निवासियों के आवागमन के साथ-साथ जल निकासी की व्यवस्था पर भी प्रतिकूल असर पड़ सकता है. उन्होंने संबंधित विभाग से मामले की निष्पक्ष जांच कर सड़क और नाला की जमीन की वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने की मांग की.
नियमानुसार हो ट्रांसफार्मर शिफ्ट करने की प्रक्रिया
जनप्रतिनिधियों ने स्पष्ट कहा कि सार्वजनिक सड़क और सरकारी नाला की जमीन पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण नहीं होना चाहिए. ट्रांसफार्मर शिफ्ट करने का कार्य निर्धारित नियमों और संबंधित विभाग की अनुमति के अनुसार किया जाना चाहिए, ताकि स्थानीय लोगों को भविष्य में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े.
इस मामले को लेकर जनप्रतिनिधियों द्वारा प्रशासन एवं संबंधित विभाग से हस्तक्षेप कर मामले की जांच कराने और नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने की अपील की जाएगी.
ये रहे मौजूद
इस मौके पर पंचायत समिति सदस्य विकास कुमार शर्मा, पूर्व पंचायत समिति सदस्य अजीत कुमार सिंह, माधव चंद्र महतो, राम दरस सिंह यादव, आशीष सिंह यादव और मनोज गुप्ता सहित अन्य लोग उपस्थित थे.

