चांडिल: समय पर सिंचाई का पानी नहीं मिलने से धान की फसल को हुए नुकसान के विरोध में बुधवार को रूदिया और भादुडीह पंचायत के किसानों ने ऑल इंडिया किसान खेत मजदूर संगठन के बैनर तले सुवर्णरेखा परियोजना अंचल एवं प्रमंडल कार्यालय, चांडिल में धरना-प्रदर्शन किया.


संगठन के जिला सचिव आशुदेव महतो ने आरोप लगाया कि किसानों को करीब दस दिन पहले पानी उपलब्ध करा दिया गया होता तो 30 से 40 प्रतिशत धान की फसल को नुकसान से बचाया जा सकता था. उन्होंने कहा कि चांडिल डैम में पर्याप्त पानी रहने के बावजूद समय पर सिंचाई सुविधा नहीं मिलने से किसानों को नुकसान उठाना पड़ा.
किसानों ने मुख्य नहर के 6.86 प्वाइंट पर तैनात गेटमैन को हटाने, रूदिया पंचायत की क्षतिग्रस्त शाखा नहर का सर्वे कराने, मरम्मत और सीमांकन कराने की मांग की.
संगठन का आरोप है कि प्रदर्शन की पूर्व सूचना के बावजूद अधीक्षण अभियंता कार्यालय में मौजूद नहीं थे. बाद में किसानों ने एसडीओ कुमार हिमालय को मांगपत्र सौंपा.
प्रदर्शन में युधिष्ठिर प्रामाणिक, राजेश कुमार महतो, भुजंग मछुआ, धीरेंद्र गौड़, त्रिलोचन महतो, दिलीप महतो, अर्जुन महतो सहित बड़ी संख्या में किसान शामिल हुए.

