सरायकेला: सड़क किनारे भारी वाहनों की अवैध पार्किंग के खिलाफ जिला प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है. उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के निर्देश पर परिवहन विभाग और ट्रैफिक पुलिस की संयुक्त टीम ने 25 भारी वाहनों पर कुल 1.70 लाख रुपये का जुर्माना लगाया.


जिला परिवहन पदाधिकारी शंकराचार्य सामड़. मोटरयान निरीक्षक और यातायात पुलिस निरीक्षक के नेतृत्व में अभियान चलाया गया. सड़क किनारे वाहन खड़ा कर यातायात बाधित करने वाले चालकों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई. माइकिंग कर चालकों को मुख्य सड़क और प्रतिबंधित स्थानों पर वाहन खड़ा नहीं करने की चेतावनी भी दी गई.
प्रशासन ने औद्योगिक प्रतिष्ठानों और कंपनियों के प्रबंधन को अपने यहां आने वाले भारी वाहनों के लिए परिसर के अंदर या निर्धारित स्थान पर पार्किंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है. पेट्रोल पंप प्रबंधकों को भी पंप के बाहर सड़क पर वाहनों की अनधिकृत पार्किंग रोकने को कहा गया है.
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध पार्किंग के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा. नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों और अन्य जिम्मेदार पक्षों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
प्रमोद सिंह (संपादक)

