कपाली: सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र अंतर्गत हाशमी मोहल्ले में बुधवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई. करीब 14 वर्षीय नाबालिग शाइबा प्रवीण, पिता मोहम्मद गफ्फार अंसारी, की घर में फंदे से लटका शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.


जानकारी के अनुसार, शाइबा प्रवीण हाशमी मोहल्ले की रहने वाली थी. परिजनों को घटना की जानकारी मिलने के बाद तत्काल कपाली ओपी पुलिस को सूचना दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है.
पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया नाबालिग द्वारा फंदे से लटककर जान देने की बात सामने आई है. हालांकि, घटना के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है. पुलिस परिजनों से पूछताछ करने के साथ ही घटनास्थल और घटना से जुड़ी परिस्थितियों की जांच कर रही है.
पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों के संबंध में स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी. घटना के बाद हाशमी मोहल्ले में मातम का माहौल है. नाबालिग की मौत की खबर मिलने के बाद आसपास के लोग भी उसके घर पहुंचने लगे.
रिपोर्ट : अफरोज मलिक

