सरायकेला: जिले के कपाली ओपी पुलिस ने वर्ष 2019 के चोरी के एक मामले में न्यायालय से जारी वारंट के आधार पर लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान कपाली ओपी क्षेत्र के अंसार नगर, डैमडूब्बी निवासी मोहम्मद अमरुद्दीन अंसारी (करीब 32 वर्ष), पिता शमसुद्दीन अंसारी के रूप में हुई है. मंगलवार को न्यायालय में पेश करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.


पुलिस के अनुसार मोहम्मद अमरुद्दीन अंसारी के खिलाफ वर्ष 2019 में चोरी का मामला दर्ज किया गया था. उस मामले में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा था. बाद में न्यायालय से जमानत मिलने पर वह जेल से बाहर आया, लेकिन इसके बाद निर्धारित तारीखों पर अदालत में उपस्थित नहीं हो रहा था.
लगातार गैरहाजिरी पर कोर्ट ने जारी किया था वारंट
कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि अदालत में लगातार अनुपस्थित रहने के कारण आरोपी के खिलाफ वारंट जारी किया गया था. वारंट मिलने के बाद पुलिस उसकी तलाश कर रही थी. इसी क्रम में सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया.
गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर आरोपी को संबंधित न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया गया. कपाली पुलिस के अनुसार न्यायालय से जारी लंबित वारंटों के निष्पादन और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर अभियान लगातार जारी है.
रिपोर्ट: अफ़रोज़ मल्लिक

