आदित्यपुर: थाना क्षेत्र के बीको मोड़ के समीप मुख्य मार्ग पर मंगलवार सुबह करीब आठ बजे तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आने से पैदल सड़क पार कर रहा एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल की पहचान मनोज के रूप में हुई जो किसी कंपनी का मजदूर बताया जा रहा हैं. हादसे में उसके चेहरे पर गंभीर चोट लगी और काफी खून बहने लगा.


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक संख्या JH05DG- 0937 तेज गति से आ रही थी. बीको मोड़ के समीप सड़क पार कर रहे मनोज को बाइक ने जोरदार टक्कर मार दी. बताया जा रहा है कि चालक बाइक पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिसके कारण हादसा हुआ. हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा.

हादसे के बाद आसपास मौजूद लोग मदद के लिए दौड़े और घायल को सड़क से उठाकर डिवाइडर पर बैठाया. स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस को सूचना दी, लेकिन खबर लिखे जाने तक एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची थी. पुलिस के भी घटनास्थल पर पहुंचने का इंतजार किया जा रहा था.
इस दौरान घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई. मुख्य मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित होने से कुछ देर के लिए जाम जैसी स्थिति बन गई. स्थानीय लोग घायल को जल्द अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था में जुटे रहे.
रिपोर्ट: विपिन वार्ष्णेय

