बोकारो: सिटी थाना क्षेत्र के नया मोड़ पर सोमवार को मजदूरों से भरी एक ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गई. हादसे में ऑटो सवार आठ मजदूर घायल हो गए. दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा- तफरी मच गई. स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को बोकारो सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है.


घायल मजदूरों के अनुसार सभी लोग ऑटो से प्लांट में काम करने जा रहे थे. नया मोड़ के पास सड़क पार कर रही एक महिला को बचाने के प्रयास में चालक ने ऑटो पर नियंत्रण खो दिया और वाहन पलट गया. हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच पुलिस कर रही है.
बताया जा रहा है कि घायलों में चार मजदूर पेटरवार, तीन जैनामोड़ और एक मजदूर बाराडीह का रहने वाला है. हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल और घायलों से संबंधित जानकारी जुटाई है. घायल मजदूर मोहसीन और मुदस्सर ने भी हादसे के संबंध में जानकारी दी. फिलहाल सभी घायलों का इलाज जारी है.

