जामताड़ा: गोविंदपुर-साहिबगंज राष्ट्रीय राजमार्ग के नारायणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत लोहारंगी गांव के समीप सोमवार को तेज रफ्तार हाईवा ने मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में बाइक सवार दो नाबालिग युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. दोनों के सिर में गंभीर चोट लगी है. स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणपुर पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए धनबाद रेफर कर दिया. घायलों की पहचान रामपुर गांव निवासी समसेद अंसारी (15) और बिराजपुर निवासी जाहिद अंसारी (17) के रूप में हुई है. बताया जाता है कि दोनों युवक मोटरसाइकिल से जा रहे थे. इसी दौरान लोहारंगी गांव के समीप पीछे से आ रहे तेज रफ्तार हाईवा ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए. दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जुट गयी. स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया. घटना की सूचना मिलते ही घायलों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। परिजनों की स्थिति देख अस्पताल परिसर में भी अफरा-तफरी का माहौल रहा.


तेज रफ्तार पर ग्रामीणों में आक्रोश
हादसे के बाद ग्रामीणों में आक्रोश देखा गया. ग्रामीणों का कहना है कि गोविंदपुर-साहिबगंज एनएच पर भारी वाहनों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है और कई वाहन तेज रफ्तार से गुजरते हैं। इससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. ग्रामीणों ने सड़क पर भारी वाहनों की गति नियंत्रित कराने तथा दुर्घटना संभावित स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है.
इधर, घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली. पुलिस दुर्घटना में शामिल हाईवा तथा हादसे के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

