जमशेदपुर: रांची में आयोजित पांचवीं झारखंड राज्य स्तरीय पिकलबॉल चैंपियनशिप में जमशेदपुर के युवा खिलाड़ी मोहम्मद अय्यान सिद्दीकी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान हासिल किया. राज्य स्तर पर उपविजेता बनने के साथ ही उनका चयन कोचीन में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय पिकलबॉल चैंपियनशिप के लिए किया गया है.


अय्यान सिद्दीकी आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय कोर कमेटी सदस्य एवं झारखंड प्रदेश अध्यक्ष काशिफ रजा के पुत्र हैं. प्रतियोगिता के दौरान अय्यान ने लगातार बेहतर प्रदर्शन करते हुए उपविजेता का स्थान हासिल किया. राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन के बाद परिवार और शुभचिंतकों में खुशी का माहौल है.
अय्यान इससे पहले लॉन टेनिस में भी अपनी प्रतिभा दिखा चुके हैं. बताया गया कि जमशेदपुर स्तर पर आयोजित लॉन टेनिस टूर्नामेंट में उन्होंने दूसरा स्थान हासिल किया था. अब पिकलबॉल में राज्य स्तर पर मिली सफलता के बाद उनकी नजर राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन पर होगी. अय्यान की उपलब्धि पर परिजनों, मित्रों और खेल प्रेमियों ने उन्हें बधाई देते हुए राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए शुभकामनाएं दी हैं.
रिपोर्ट: अफ़रोज़ मल्लिक

