कुचाई: प्रखंड के तिलोपदा पंचायत अंतर्गत लेपसो गांव में विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर दीवाना क्लब की ओर से आयोजित तीन दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का शनिवार देर शाम भव्य समापन हुआ. प्रतियोगिता में विभिन्न गांवों की कुल 48 टीमों ने हिस्सा लिया.


फाइनल मुकाबला मेजबान दीवाना क्लब लेपसो और जयराम एफसी के बीच खेला गया. जयराम एफसी ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए मुकाबला अपने नाम किया और प्रतियोगिता की चैंपियन बनी. विजेता जयराम एफसी को 70 हजार रुपये नकद और ट्रॉफी, जबकि उपविजेता दीवाना क्लब लेपसो को 50 हजार रुपये नकद और ट्रॉफी प्रदान की गई.
तीसरे स्थान पर रही केपीएस की टीम को 35 हजार रुपये दिए गए. वहीं चौथे से छठे स्थान तक की टीमों को 15-15 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई.
समापन समारोह में खरसावां विधायक दशरथ गागराई की पत्नी एवं समाजसेवी बासंती गागराई ने खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया. उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में होने वाली ऐसी प्रतियोगिताएं स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच देती हैं. खेल से युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और आपसी भाईचारे की भावना भी विकसित होती है.
पुरस्कार वितरण में तिलोपदा पंचायत के मुखिया राम सोय, प्रखंड सचिव मुन्ना सोय और राहुल सोय सहित अन्य अतिथियों ने हिस्सा लिया. मौके पर घनश्याम सोय, विकास गोप, समीर सामाड, मंगल सिंह सोय, विशाल सोय, मनोज मुदुईया, हरिचरण होनहागा, मनोज कुमार होनहागा, संतोष बानरा, गारदी सोय समेत आयोजन समिति के सदस्य और बड़ी संख्या में खेलप्रेमी मौजूद रहे.

