सरायकेला-खरसावां: सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत खाद्यान्न वितरण में अनियमितता के मामले में खरसावां पुलिस ने पीडीएस डीलर विनोद नायक (45) को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, 29 मई 2026 को खरसावां थाना कांड संख्या 25/26 दर्ज किया गया था. अनुसंधान एवं तथ्यों के सत्यापन के बाद यह कार्रवाई की गई.


मामला खरसावां प्रखंड के ग्राम तेलीसाई स्थित पीडीएस दुकान से जुड़ा है. निलंबित जन वितरण प्रणाली दुकानों के खाद्यान्न स्टॉक एवं अभिलेखों के विशेष सत्यापन के दौरान दुकान में गंभीर अनियमितता सामने आई थी.
अभिलेखों के अनुसार दुकान में 15,142 किलोग्राम चावल और 3,892 किलोग्राम गेहूं अवशेष स्टॉक के रूप में होना अपेक्षित था. वहीं, भौतिक सत्यापन के दौरान चावल का स्टॉक शून्य पाया गया.
इस संबंध में 29 मई 2026 को खरसावां थाना कांड संख्या 25/26 में BNS की धारा 316(5) एवं आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 7 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी. अनुसंधान और सत्यापन के क्रम में पुलिस ने विनोद नायक को गिरफ्तार किया.
जिला प्रशासन ने कहा है कि पीडीएस के खाद्यान्न स्टॉक, अभिलेख और वितरण व्यवस्था की नियमित निगरानी एवं सत्यापन जारी है. जांच में अनियमितता, खाद्यान्न के दुरुपयोग, गबन अथवा अभिलेखों में विसंगति पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.

