चांडिल: चौका थाना क्षेत्र के तुलग्राम में बुधवार को 84 वर्षीय बुजुर्ग की धारदार हथियार से हत्या किए जाने का मामला सामने आया है. घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान तुलग्राम निवासी स्व. शंकर सरदार के पुत्र आनंद सिंह सरदार उर्फ आनंद सरदार के रूप में हुई है.


जानकारी के अनुसार, अज्ञात व्यक्ति ने बुजुर्ग पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही चौका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेते हुए जांच शुरू की.
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है. वहीं हत्या के कारणों का पता लगाने और घटना में शामिल व्यक्ति की पहचान के लिए पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है.
चौका थाना प्रभारी गौरव कुमार ने बताया कि आनंद सिंह सरदार की धारदार हथियार से हत्या की गई है. मामले की जांच जारी है तथा आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस कार्रवाई कर रही है.
रिपोर्ट: विकाश ठाकुर

