सरायकेला: जिले के आदित्यपुर, गम्हरिया, कांड्रा समेत आसपास के क्षेत्रों में सोमवार को हरतालिका तीज का पर्व श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया. सुहागिन महिलाओं ने निर्जला व्रत रखकर भगवान शिव और माता पार्वती की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की तथा पति की लंबी आयु और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की.


भाद्रपद मास के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि पर मनाए जाने वाले हरतालिका तीज को लेकर सुबह से ही महिलाओं में उत्साह देखा गया. व्रतधारी महिलाओं ने भगवान गणेश, कार्तिकेय, भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा की.
कई महिलाएं आसपास के शिव मंदिरों में पहुंचीं और भगवान शिव को बेलपत्र एवं शमी के पत्ते अर्पित किए. माता पार्वती को श्रृंगार सामग्री अर्पित कर अखंड सौभाग्य की कामना की गई.
इस दौरान विभिन्न स्थानों पर महिलाओं ने सामूहिक रूप से हरतालिका तीज व्रत कथा का श्रवण किया. पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों के कारण पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना रहा.
रिपोर्ट: विपिन वार्ष्णेय

