जमशेदपुर: साकची स्थित स्वर्णरेखा नदी घाट पर सोमवार को स्थानीय लोगों की तत्परता से एक किशोर की जान बच गई. नदी के तेज बहाव में बह रहे किशोर को देखकर वहां मौजूद लोगों ने तत्काल बचाव शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया.


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, किशोर को बहते देख जब लोग बचाने पहुंचे तो वह शुरुआत में बचाव का विरोध कर रहा था. उसने कथित तौर पर जीने की इच्छा नहीं होने की बात भी कही. इसके बावजूद स्थानीय लोगों ने हिम्मत नहीं छोड़ी और उसे नदी से सुरक्षित बाहर निकाल लिया.
सूचना मिलते ही डायल-112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और किशोर को साकची थाना ले गई. प्रारंभिक जानकारी में किशोर के गोलमुरी क्षेत्र का रहने वाला होने की बात सामने आई है. बताया जा रहा है कि घर में किसी बात को लेकर डांट-फटकार से वह आहत था. हालांकि घटना की वास्तविक परिस्थितियों की पुलिस जांच कर रही है.
पुलिस ने किशोर के परिजनों से संपर्क किया है. वहीं समय रहते सूझबूझ और साहस दिखाकर उसकी जान बचाने वाले स्थानीय लोगों की सराहना की जा रही है.

