कांड्रा: श्री श्री सार्वजनिक गणेश पूजा कमिटी हरिजन कल्याण समिति, कांड्रा बस्ती की ओर से आयोजित गणेश पूजा समारोह को लेकर समिति के पदाधिकारियों ने पूर्व मुख्यमंत्री सह सरायकेला विधायक चंपाई सोरेन से मुलाकात की. समिति के अध्यक्ष मनीष प्रसाद के नेतृत्व में पहुंचे पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने विधायक को समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का आमंत्रण दिया.


इस दौरान समिति की ओर से चंपाई सोरेन को आमंत्रण पत्र सौंपकर पूजा समारोह के कार्यक्रमों की जानकारी दी गई. समिति ने बताया कि गणेश पूजा का आयोजन 14 सितंबर से 20 सितंबर 2026 तक किया जाएगा. पूजा के दौरान विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा.
मौके पर बप्पा पात्रो, प्रिंस यादव, गुरुपद कालिंदी सहित समिति के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे.
आमंत्रण स्वीकार करते हुए चंपाई सोरेन ने कहा कि गणेश पूजा भगवान गणेश की आराधना के साथ ही समाज में आपसी भाईचारे, शांति और एकता का संदेश देने वाला पर्व है. ऐसे धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है. उन्होंने समिति को आयोजन की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं और श्रद्धालुओं से शांतिपूर्ण एवं उत्साहपूर्वक पूजा समारोह में शामिल होने की अपील की.

