सरायकेला: सीनी ओपी क्षेत्र के ऊकरी मोड़ स्थित शराब दुकान में करीब दो लाख रुपये की चोरी की घटना के पांच दिन बाद भी मामले का खुलासा नहीं होने से पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं. 8 सितंबर की रात चोरों ने दुकान की छत का एलवेस्टर काटकर अंदर प्रवेश किया और कथित तौर पर करीब दो लाख रुपये की ब्रांडेड शराब लेकर फरार हो गए थे.


स्थानीय लोगों का आरोप है कि घटना के बाद पुलिस ने जांच और अपराधियों की तलाश शुरू करने की बात कही थी, लेकिन पांच दिन बीतने के बावजूद कोई ठोस प्रगति सामने नहीं आई है. इससे क्षेत्र में रात्रि गश्ती और अपराध नियंत्रण की व्यवस्था को लेकर नाराजगी बढ़ रही है.
लोगों का सवाल है कि चोर दुकान की छत काटकर अंदर घुसे और बड़ी मात्रा में शराब लेकर निकल गए, लेकिन पुलिस को इसकी भनक तक कैसे नहीं लगी. उनका कहना है कि ऐसी घटनाओं का शीघ्र उद्भेदन नहीं होने से अपराधियों का मनोबल बढ़ सकता है और आम लोगों का पुलिस पर भरोसा प्रभावित होता है.
*बालू के अवैध कारोबार को लेकर भी सवाल*
इधर, स्थानीय लोगों ने सीनी ओपी क्षेत्र में कथित अवैध बालू कारोबार और परिवहन को लेकर भी सवाल उठाए हैं. उनका आरोप है कि पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र में बालू का अवैध परिचालन हो रहा है. ऐसे में पुलिस की प्राथमिकताओं और निगरानी व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े किए जा रहे हैं.
हालांकि, अवैध बालू कारोबार में पुलिस की संलिप्तता अथवा संरक्षण संबंधी आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है. ऐसे आरोप स्थानीय लोगों की ओर से लगाए जा रहे हैं. स्थानीय लोगों ने वरीय पुलिस अधिकारियों से चोरी के मामले की निगरानी करने, अपराधियों को जल्द गिरफ्तार करने और क्षेत्र में रात्रि गश्ती बढ़ाने की मांग की है. अब सवाल यही है कि ऊकरी मोड़ शराब दुकान में हुई करीब दो लाख रुपये की चोरी का खुलासा कब होगा और चोर कब पुलिस की गिरफ्त में आएंगे.
प्रमोद सिंह (संपादक)

