जामताड़ा: केंद्र सरकार की कथित जनविरोधी नीतियों और झारखंड सरकार के कामकाज को लेकर सीपीआई (एम) ने आंदोलन का ऐलान किया है. पार्टी के राज्यव्यापी अभियान के तहत जनता के ज्वलंत मुद्दों को लेकर 15 सितंबर को जिला मुख्यालय में प्रदर्शन किया जाएगा. इसके बाद मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन उपायुक्त को सौंपा जाएगा.


यह निर्णय शुक्रवार को जामताड़ा जिला कमेटी की विस्तारित बैठक में लिया गया. बैठक को संबोधित करते हुए पार्टी के राज्य सचिव प्रकाश विप्लव ने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों से मजदूर-किसान, महिलाएं, युवा और छात्र परेशान हैं और आंदोलन की राह पर हैं. वहीं, झारखंड में झामुमो-कांग्रेस-राजद के नेतृत्व वाली सरकार का कामकाज भी जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप नहीं है.
उन्होंने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में सरकार का रिपोर्ट कार्ड संतोषजनक नहीं है.राज्य में कानून-व्यवस्था की गिरती स्थिति भी आम लोगों के लिए चिंता का विषय बनी हुई है, जिसका राजनीतिक लाभ भाजपा लेने की कोशिश कर रही है. हालांकि, उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जेपीएससी और जेएसएससी को लेकर युवाओं में उपजे असंतोष को समझते हुए उनसे बातचीत की है और उनकी मांगों के प्रति सकारात्मक पहल की है.
प्रकाश विप्लव ने कहा कि राज्य सरकार को झारखंड की जनता से जुड़े कई अत्यंत महत्वपूर्ण मुद्दों पर तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए. इन मुद्दों पर मुख्यमंत्री स्वयं सदन के अंदर और बाहर कई बार घोषणाएं कर चुके हैं.
इन मांगों को लेकर होगा आंदोलन
सीपीआई (एम) के राज्यव्यापी अभियान के तहत पार्टी की प्रमुख मांगों में विस्थापन आयोग का शीघ्र गठन,
पार्टी ने आदिवासियों, ग्रामीण रैयतों और पीवीजीटी समुदाय के लंबे समय से बसे लोगों को उचित मुआवजा, पुनर्वास, पुनर्स्थापन और रोजगार दिए बिना जबरन विस्थापन रोकने, लैंड बैंक रद्द करने तथा जमीन के डिजिटल रिकॉर्ड में सुधार के लिए पंचायत स्तर पर शिविर लगाने की मांग की है.
इसके अलावा सभी जरूरतमंद परिवारों को राशन कार्ड उपलब्ध कराने, राशन कार्ड बनाने के लिए जाति प्रमाण पत्र की अनिवार्यता समाप्त करने और वनपट्टा के लंबित आवेदनों पर शीघ्र कार्रवाई करने की मांग भी पार्टी के अभियान में शामिल है.
15 सितंबर को जिला मुख्यालय में जुटेंगे कार्यकर्ता
सीपीआई (एम) के सचिवमंडल सदस्य सुरजीत सिन्हा ने कहा कि जनता के ज्वलंत मुद्दों को लेकर 15 सितंबर को जिला मुख्यालय में जोरदार प्रदर्शन किया जाएगा. प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन उपायुक्त को सौंपा जाएगा.बैठक की अध्यक्षता चंडीदास पुरी ने की. मौके पर संजय कुमार मेहता, सुजीत कुमार माजी, महेंद्र राउत, सचिन राणा, अशोक भंडारी, लखन लाल मंडल, मोहन मंडल, गौर सोरेन, विजय राणा, इब्राहिम अंसारी, मीर कासिम अंसारी, गोविंद पंडित, सुकुमार बाउरी, निमाई राय सहित लोकल कमेटी के अनुप सरखेल, बुधु मरांडी, लोकनाथ राणा, दुबराज भंडारी और सतीलाल राय समेत बड़ी संख्या में पार्टी सदस्य उपस्थित थे.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

