खरसावां: +2 उच्च विद्यालय खरसावां के पूर्व प्रधानाध्यापक सह प्रख्यात छऊ गुरु कामाख्या प्रसाद षड़ंगी के निधन पर खरसावां विधायक दशरथ गागराई ने गहरा शोक व्यक्त किया. विधायक उनके आवास पहुंचे और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया. उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया.


विधायक दशरथ गागराई ने कहा कि कामाख्या प्रसाद षड़ंगी शिक्षा और संस्कृति जगत की सम्मानित हस्ती थे. एक शिक्षक एवं प्रधानाध्यापक के रूप में उन्होंने अनेक विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया. वहीं खरसावां की समृद्ध छऊ संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन में भी उनकी अहम भूमिका रही. उनके मार्गदर्शन में कई युवा कलाकारों ने छऊ नृत्य की शिक्षा हासिल की.
उन्होंने कहा कि षड़ंगी का निधन केवल परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे खरसावां क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है. उनका सरल स्वभाव, अनुशासनप्रिय व्यक्तित्व तथा शिक्षा और संस्कृति के प्रति समर्पण हमेशा याद किया जाएगा.
इसके बाद विधायक ने खरसावां के बुडीतोपा कदमडीह में भी मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी. इस दौरान भवेश मिश्रा, दीपक नायक, मानस साहु, सुशांत षड़ंगी, सरोज मिश्रा, जयजीत षड़ंगी और झलक हाजरा समेत अन्य लोग मौजूद रहे.

