जामताड़ा: मामा का इलाज कराकर रांची से अपने घर देवघर लौट रहे 18 वर्षीय युवक की शुक्रवार सुबह जामताड़ा रेलवे स्टेशन के समीप ट्रेन से गिरने के बाद चपेट में आने से मौत हो गई. मृतक की पहचान देवघर जिले के बुढ़ई गांव निवासी मुन्ना शर्मा के रूप में हुई है.


बताया गया कि मुन्ना अपने मामा सरभू शर्मा का इलाज कराने रांची गया था. इलाज के बाद दोनों हटिया- पाटलिपुत्र एक्सप्रेस से वापस लौट रहे थे. परिजनों के अनुसार सुबह बाथरूम जाने के बाद मुन्ना ट्रेन के गेट के पास खड़ा था. इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से वह नीचे गिर गया. जामताड़ा स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या एक के समीप पोल संख्या 251/27 के पास हुए हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
सूचना पर रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की. मुन्ना नौवीं कक्षा का छात्र और परिवार की सबसे बड़ी संतान था. उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

