जमशेदपुर: ईद मिलाद-उन-नबी के अवसर पर बुधवार को जमशेदपुर में श्रद्धा और धार्मिक उल्लास के साथ भव्य जुलूस निकाला गया. मानगो गांधी मैदान से शुरू हुआ जुलूस शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए आमबागान की ओर बढ़ा. बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने इसमें हिस्सा लिया और पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की आमद की खुशी मनाई.


जुलूस की अगुवाई उलेमा-ए-किराम और समाज के वरिष्ठ लोगों ने की. उनके पीछे हजारों की संख्या में लोग पैदल चल रहे थे. बाइक, चारपहिया वाहनों और ट्रकों पर सवार लोग भी जुलूस में शामिल हुए. पूरे मार्ग में “सरकार की आमद मरहबा” और “नारे-ए-तकबीर” के नारों से माहौल गूंजता रहा.
जुलूस के माध्यम से पैगंबर-ए-इस्लाम के बताए मार्ग पर चलने, मानवता की सेवा करने तथा समाज में प्रेम, शांति और आपसी सौहार्द बनाए रखने का संदेश दिया गया. विभिन्न स्थानों पर जुलूस का स्वागत किया गया और लोगों के लिए पेयजल सहित अन्य व्यवस्थाएं की गईं.
इधर सुरक्षा को लेकर पुलिस-प्रशासन भी मुस्तैद रहा. जुलूस मार्ग पर पुलिस बल की तैनाती की गई और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी गई. धार्मिक उल्लास के बीच निकले जुलूस ने शहर में अमन, एकता और इंसानियत का संदेश दिया.
रिपोर्ट: अफ़रोज़ मल्लिक

