रांची: JSSC-CGL समेत 22 भर्ती प्रतियोगी परीक्षाओं को रद्द किए जाने के विरोध में राजधानी रांची में चयनित अभ्यर्थियों का आंदोलन जारी है. बुधवार को धुर्वा स्थित झारखंड मंत्रालय (प्रोजेक्ट भवन) के गेट के समीप विभिन्न सरकारी विभागों में कार्यरत चयनित अभ्यर्थियों ने प्रदर्शन कर सरकार के फैसले का विरोध किया. भारी बारिश के बावजूद अभ्यर्थी प्रदर्शन में डटे रहे.


प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों ने कहा कि उन्होंने JSSC-CGL परीक्षा में सफलता हासिल करने के बाद निर्धारित चयन प्रक्रिया पूरी की थी और वर्तमान में झारखंड सरकार के विभिन्न विभागों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. ऐसे में परीक्षा और उससे संबंधित नियुक्तियों को रद्द किए जाने के फैसले से उनके भविष्य पर संकट खड़ा हो गया है.
अभ्यर्थियों ने सरकार से फैसले पर पुनर्विचार करने तथा पहले से चयनित एवं नियुक्त उम्मीदवारों के हितों की रक्षा करने की मांग की. उनका कहना है कि यदि भर्ती प्रक्रिया में किसी स्तर पर अनियमितता हुई है तो उसकी जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए, लेकिन इसका खामियाजा उन अभ्यर्थियों को नहीं भुगतना चाहिए, जिन्होंने मेहनत और योग्यता के आधार पर परीक्षा पास की है.
पहले भी निकाल चुके हैं विरोध मार्च
चयनित अभ्यर्थियों ने बताया कि इससे पहले भी वे प्रोजेक्ट भवन से बिरसा चौक तक विरोध मार्च निकालकर सरकार के फैसले के खिलाफ अपनी नाराजगी जता चुके हैं. इसके बावजूद अब तक उनकी मांगों पर स्पष्ट निर्णय नहीं लिया गया है.
अभ्यर्थियों का कहना है कि नियुक्ति के बाद परीक्षा रद्द किए जाने से हजारों युवाओं के सामने रोजगार और भविष्य को लेकर असमंजस की स्थिति पैदा हो गई है. उन्होंने सरकार से मामले में जल्द स्पष्ट निर्णय लेने और नियुक्त अभ्यर्थियों के भविष्य को सुरक्षित करने की मांग की है.

