गिरिडीह: बगोदर थाना क्षेत्र में राजनीतिक दल से जुड़े नेता मिथिलेश यादव उर्फ छोटी यादव हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस ने मामले में होटल मालिक समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों के पास से हत्या में प्रयुक्त टांगी और सब्बल के अलावा बिना नंबर की मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन बरामद किया गया है.


पुलिस के अनुसार 14 अगस्त की सुबह करीब पांच बजे मिथिलेश यादव की हत्या की सूचना मिली थी. घटना की गंभीरता को देखते हुए बगोदर- सरिया एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष जांच टीम का गठन कर मामले की जांच शुरू की गई. घटनास्थल के निरीक्षण, तकनीकी जांच और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की.
बीयर को लेकर हुआ विवाद
पुलिस अधीक्षक विमल कुमार ने बताया कि पूछताछ में पता चला कि 13-14 अगस्त की रात करीब 1.45 बजे मिथिलेश यादव शराब के नशे में घाघरा स्थित रिंकू होटल पहुंचे थे. वहां उन्होंने बीयर पी और दूसरी बीयर मांगी. पैसे का भुगतान नहीं होने पर होटल मालिक और कर्मचारियों ने दूसरी बीयर देने से इनकार कर दिया.
इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया. पुलिस के अनुसार विवाद के दौरान गाली-गलौज और धक्का- मुक्की भी हुई. इसके बाद होटल मालिक महेश रजक और होटल स्टाफ सीमा ठाकुर ने कथित तौर पर मिथिलेश यादव का पीछा किया.
टांगी और सब्बल से हमला करने का आरोप
पुलिस के अनुसार सर्विस रोड में कपसा मंदिर के पास नशे की हालत में मिथिलेश यादव गिर गए. इसी दौरान दोनों आरोपियों ने कथित रूप से टांगी और सब्बल से उन पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई. पुलिस का कहना है कि घटना को सड़क दुर्घटना का रूप देने के लिए मोटरसाइकिल को भी क्षतिग्रस्त किया गया था. जांच के दौरान पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त टांगी और सब्बल के साथ अन्य सामान बरामद किया.
होटल मालिक और कर्मचारी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में महेश रजक, उम्र करीब 38 वर्ष, होटल मालिक, निवासी घाघरा, बगोदर तथा सीमा ठाकुर, उम्र करीब 58 वर्ष, होटल कर्मचारी, निवासी गोपालडीह, बगोदर को गिरफ्तार किया है. इस संबंध में बगोदर थाना कांड संख्या 161/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई थी. पुलिस के अनुसार मामले की जांच विशेष जांच टीम द्वारा की गई. बरामद हथियारों समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है.

