जमशेदपुर: समाहरणालय सभागार में बुधवार को उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में जिला समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक में जिले में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं, आधारभूत संरचना निर्माण एवं जनहित से जुड़े कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई. उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर लंबित कार्यों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.


बैठक में राजकीय पारामेडिकल संस्थान एवं एमजीएम मेडिकल कॉलेज के भवन और छात्रावास निर्माण के लिए चिन्हित भूमि के हस्तांतरण, क्षेत्रीय टीकाकरण केंद्र के लिए नए भवन, केजीबीवी डुमरिया में पेयजल व्यवस्था, जुगसलाई कन्या उच्च विद्यालय में 11 अतिरिक्त कक्षा-कक्षों के निर्माण तथा झारखंड मुख्यमंत्री मइयां सम्मान योजना के तहत भुगतान से वंचित लाभुकों के सत्यापन एवं निराकरण सहित कई विषयों की समीक्षा की गई.
विभिन्न प्रखंडों में आंगनबाड़ी केंद्र भवन निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध कराने, उत्क्रमित पशु चिकित्सा केंद्र मानगो के संचालन के लिए वैकल्पिक भवन उपलब्ध कराने, डिमना चौक में डीवीसी की उच्चदाब विद्युत लाइन की ऊंचाई बढ़ाने के लिए मोनोपोल लगाने, आसनबनी में जलापूर्ति पाइपलाइन स्थानांतरित करने तथा अवध डेंटल कॉलेज से बरसोल तक सड़क के दोनों ओर स्ट्रीट लाइट लगाने से संबंधित कार्यों की भी समीक्षा की गई.
इसके अलावा मुसाबनी डिग्री कॉलेज को आवंटित भूमि पर चारदीवारी निर्माण और पाइपलाइन बिछाने के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र समेत अन्य विकास एवं आधारभूत संरचना से जुड़े मामलों पर चर्चा हुई.
दिव्यांग बच्चों का नामांकन सुनिश्चित करने का निर्देश
उपायुक्त ने सभी प्रखंडों में छूटे हुए दिव्यांग बच्चों का सरकारी विद्यालयों में नामांकन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि यदि सभी दिव्यांग बच्चों का नामांकन हो चुका है तो जिला शिक्षा अधीक्षक इस संबंध में प्रमाण पत्र समर्पित करें.
बैठक में बच्चों के बैंक खाते खोलने की भी समीक्षा की गई. बताया गया कि करीब एक हजार बच्चों के बैंक खाते अब तक नहीं खुले हैं. उपायुक्त ने अग्रणी जिला प्रबंधक के साथ समन्वय कर विशेष अभियान चलाकर पात्र बच्चों के बैंक खाते खुलवाने का निर्देश दिया, ताकि उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके.
खराब जलमीनारों की मरम्मती के निर्देश
उपायुक्त ने सभी प्रखंडों में खराब पड़ी जलमीनारों की सूची तैयार कर प्राथमिकता के आधार पर उनकी मरम्मती कराने का निर्देश दिया. उन्होंने एमजीएम मेडिकल कॉलेज में आधारभूत संरचना से संबंधित मरम्मती कार्यों में भी तेजी लाने को कहा.
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि विकास एवं आधारभूत संरचना से जुड़े कार्यों में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए. विभागीय स्तर पर आने वाली समस्याओं का आपसी समन्वय से समाधान करते हुए कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया जाए, ताकि योजनाओं का लाभ आम लोगों तक जल्द पहुंच सके.
बैठक में उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान, एसडीएम धालभूम अर्नव मिश्रा, अपर उपायुक्त अनुराग तिवारी, सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल, निदेशक एनईपी राजेश कुमार सहित संबंधित विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी घाटशिला, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे.

