सरायकेला: टाटानगर- सहरसा रेल सेवा समिति की ओर से टाटानगर से सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया होते हुए कटिहार तक दैनिक एक्सप्रेस ट्रेन सेवा शुरू करने की मांग को लेकर रविवार को सर्किट हाउस में सिंहभूम की सांसद जोबा माझी को ज्ञापन सौंपा गया. यह ज्ञापन सांसद प्रतिनिधि सह झामुमो नेता प्रोफेसर कालीपद सोरेन के माध्यम से सांसद तक पहुंचाया गया.



ज्ञापन में ट्रेन संख्या 28181/ 28182 के आंशिक मार्ग परिवर्तन के माध्यम से टाटानगर से सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया होते हुए कटिहार तक सीधा रेल संपर्क उपलब्ध कराने की मांग की गई. समिति के सदस्यों ने कहा कि कोसी और सीमांचल क्षेत्र के लाखों लोगों का टाटानगर और आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों से सीधा जुड़ाव है. वर्तमान में सीधी रेल सेवा नहीं होने के कारण यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है.
समिति ने कहा कि टाटानगर से सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया होते हुए कटिहार तक दैनिक एक्सप्रेस ट्रेन सेवा शुरू होने से झारखंड और बिहार के कोसी-सीमांचल क्षेत्र के बीच आवागमन सुगम होगा. इससे औद्योगिक क्षेत्रों में काम करने वाले लोगों, विद्यार्थियों, व्यवसायियों और आम यात्रियों को भी काफी सुविधा मिलेगी.
सांसद जोबा माझी ने समिति के प्रतिनिधियों को मांग पर शीघ्र पहल करने का आश्वासन दिया. उन्होंने कहा कि वे इस महत्वपूर्ण मांग को लेकर रेल मंत्रालय और रेल मंत्री से बातचीत करेंगी. क्षेत्र की जनता की सुविधा से जुड़े इस विषय को उचित स्तर पर उठाते हुए रेल सेवा शुरू कराने की दिशा में विशेष आग्रह किया जाएगा.
बोल बम कीर्तन समारोह के लिए सांसद को आमंत्रण
इसी दौरान मिथिला संकीर्तन मंडली, आदित्यपुर की ओर से आगामी बोल बम कीर्तन समारोह में शामिल होने के लिए सांसद जोबा माझी को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया. मंडली की ओर से सांसद को निमंत्रण पत्र सौंपा गया.
बोल बम कीर्तन समारोह का आयोजन 19 सितंबर 2026 को शाम 6:30 बजे आदित्यपुर स्थित वीर कुंवर सिंह मैदान, पथ संख्या 7-8, आदित्यपुर-2 में किया जाएगा. मंडली के सदस्यों ने सांसद से कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर समारोह का उद्घाटन करने का आग्रह किया. इस दौरान निरंजन मिश्रा, अजय कुमार झा, अजय ठाकुर, ओम प्रकाश ठाकुर, आदित्य नारायण मिश्रा और इंद्रकांत झा सहित अन्य लोग मौजूद रहे.





