जामताड़ा: जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रुपडीह गांव में शनिवार सुबह 28 वर्षीय महिला का शव फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. सुबह करीब छह बजे ग्रामीणों की नजर महिला के शव पर पड़ी. इसके बाद घटना की सूचना नारायणपुर थाना पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.



मृतका की पहचान संजीदा खातून (28) के रूप में हुई है. वह कर्माटांड़ थाना क्षेत्र के रमजानी मोड़ की रहने वाली थी. उसकी शादी रुपडीह गांव निवासी रहमत अंसारी, पिता कमरुद्दीन अंसारी के साथ हुई थी. मृतका के चार बच्चे हैं, जिनमें दो बेटे और दो बेटियां शामिल हैं.

ग्रामीणों के अनुसार, शुक्रवार को किसी बात को लेकर संजीदा खातून और उसके पति के बीच विवाद हुआ था. इसके बाद रात करीब 10 बजे महिला के फंदे से लटके होने की जानकारी सामने आई. हालांकि, महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है.
ग्रामीणों ने बताया कि जिस कमरे में महिला का शव मिला, उसका दरवाजा अंदर से बंद था, जबकि खिड़की खुली हुई थी. घटना की परिस्थितियों को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं. वहीं, घटना के बाद ससुराल पक्ष के कुछ लोगों के घर पर मौजूद नहीं होने की बात भी सामने आई है. हालांकि, इन सभी बिंदुओं की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी.
घटना की सूचना मिलने के बाद नारायणपुर थाना प्रभारी मुराद हसन के नेतृत्व में पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है. आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है. पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की स्थिति स्पष्ट होगी.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल





