बोकारो: जिले के नावाडीह प्रखंड के कुकुरलीलवा गांव में बुधवार सुबह तिहरे हत्याकांड से इलाके में सनसनी फैल गई. यहां एक ही परिवार के तीन लोगों की कुल्हाड़ी से निर्मम हत्या कर दी गई. मृतकों में बुजुर्ग जानकी महतो, उनकी पत्नी और पुत्रवधू शामिल हैं.



घटना की जानकारी मिलते ही गांव में अफरा- तफरी मच गई. बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी.
घटना के बाद पड़ोस में रहने वाले राजू सिंह ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. प्रारंभिक जांच में हत्या में कुल्हाड़ी के इस्तेमाल की बात सामने आई है. फिलहाल हत्या के पीछे के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है. पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है और मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है.





