धनबाद: जिले के बलियापुर प्रखंड अंतर्गत मुकुंदा पंचायत स्थित नया प्राथमिक हरि मंदिर स्कूल में शुक्रवार को मिड डे मील तैयार करने के दौरान गैस सिलेंडर में अचानक ब्लास्ट हो गया. धमाके के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई. हालांकि शिक्षकों की सूझबूझ और स्थानीय लोगों की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया.


घटना के बाद शिक्षकों ने सभी छात्र-छात्राओं को तत्काल सुरक्षित बाहर निकाला. स्थानीय ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे और आग पर समय रहते काबू पा लिया. घटना की सूचना संबंधित अधिकारियों को दे दी गई.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सिलेंडर ब्लास्ट के बाद रसोईघर में आग लग गई, जिससे वहां रखा कुछ सामान क्षतिग्रस्त हो गया. राहत की बात यह रही कि शिक्षक, छात्र-छात्राएं और भोजन बनाने वाली रसोइया सभी सुरक्षित हैं.
प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है. यह पता लगाया जा रहा है कि हादसा तकनीकी खराबी से हुआ या गैस रिसाव के कारण. वहीं स्थानीय लोगों ने स्कूलों में गैस सिलेंडर एवं रसोई उपकरणों की नियमित जांच कराने की मांग की है.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा

