जामताड़ा: मिहिजाम थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना क्षेत्र के कानगोई इलाके से खुद को पुलिसकर्मी बताकर लोगों पर रौब जमाने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है. आरोपी के कब्जे से एक देशी पिस्तौल, पांच जिंदा कारतूस, पुलिस की वर्दी, फर्जी पहचान पत्र सहित कई संदिग्ध सामान बरामद किए गए हैं.



मामले की जानकारी देते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वसीम राजा ने अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक युवक पुलिसकर्मी बनकर लोगों को भ्रमित कर रहा है. सूचना का सत्यापन करने के बाद कानगोई क्षेत्र में छापेमारी की गई, जहां से संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया गया.

तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक देशी पिस्तौल, पांच जिंदा कारतूस, पुलिस की वर्दी, ‘झारखंड शास्त्र पुलिस, देवघर’ के नाम से बना फर्जी पहचान पत्र, एक वॉकी-टॉकी, चाकू तथा मोबाइल फोन बरामद किए गए.
प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला है कि आरोपी फर्जी पुलिसकर्मी बनकर लोगों पर पुलिस का रौब जमाता था और अपनी वास्तविक पहचान छिपाकर गतिविधियों को अंजाम देता था. बरामद फर्जी पहचान पत्र और पुलिस वर्दी से आशंका जताई जा रही है कि वह लंबे समय से इस तरह की गतिविधियों में संलिप्त हो सकता है.
फिलहाल मिहिजाम थाना पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि फर्जी पहचान पत्र और पुलिस की वर्दी उसे कहां से मिली. साथ ही इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा उसका किसी आपराधिक गिरोह से संबंध है या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है.
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी ने फर्जी पुलिसकर्मी बनकर लोगों से ठगी या अन्य आपराधिक घटनाओं को अंजाम दिया है या नहीं. आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है. अधिकारियों ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल





