सरायकेला: जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत राशन का लाभ लेने वाले अयोग्य लाभुकों के खिलाफ जिला प्रशासन ने व्यापक अभियान शुरू कर दिया है. उपायुक्त नीतीश कुमार के निर्देश पर जिले में राशन कार्डों का सत्यापन कराया जा रहा है. अभियान के तहत लगभग 65 हजार अयोग्य लाभुकों को चिन्हित कर उनके नाम राशन सूची से हटाने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि गलत तरीके से सरकारी राशन का लाभ लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. उनके नाम सूची से हटाने के साथ-साथ अब तक उठाए गए खाद्यान्न की राशि की वसूली भी की जाएगी. आवश्यकता पड़ने पर कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी.



जिला आपूर्ति पदाधिकारी पुष्कर सिंह मुंडा ने बताया कि अभियान के पहले चरण में 52,948 अयोग्य लाभुकों के नाम राशन सूची से हटाए जा चुके हैं. शेष लगभग 65 हजार अयोग्य लाभुकों को चिन्हित कर उनका नाम हटाने की प्रक्रिया जारी है. उन्होंने कहा कि यह अभियान पूरी पारदर्शिता के साथ चलाया जा रहा है, ताकि केवल वास्तविक और पात्र लाभुकों को ही सरकारी खाद्यान्न का लाभ मिल सके.
उन्होंने बताया कि जिन लाभुकों के नाम सूची से हटाए जा रहे हैं, उन्हें विभाग की ओर से नोटिस जारी किया जा रहा है. जांच में यदि किसी व्यक्ति द्वारा लंबे समय तक गलत तरीके से राशन का उठाव किए जाने की पुष्टि होती है, तो उससे संबंधित अवधि के खाद्यान्न की राशि की वसूली की जाएगी. इसके अलावा संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी.
जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि जो लोग स्वयं को राशन योजना के लिए अयोग्य मानते हैं, वे स्वेच्छा से अपना नाम राशन कार्ड से हटवा लें. इससे वे अनावश्यक वसूली और कानूनी कार्रवाई से बच सकते हैं. यदि विभागीय जांच में कोई व्यक्ति अयोग्य पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी.
उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली का लाभ केवल गरीब, जरूरतमंद और पात्र परिवारों तक ही पहुंचे. इसलिए फर्जी और अयोग्य लाभुकों को हटाना आवश्यक है, जिससे व्यवस्था अधिक पारदर्शी, प्रभावी और न्यायसंगत बन सके.
जिला आपूर्ति पदाधिकारी पुष्कर सिंह मुंडा ने कहा कि जिले में अयोग्य लाभुकों को चिन्हित कर उनका नाम राशन सूची से हटाने का अभियान लगातार जारी है. पहले चरण में 52,948 लाभुकों के नाम हटाए जा चुके हैं, जबकि शेष अयोग्य लाभुकों के विरुद्ध कार्रवाई प्रगति पर है. सभी संबंधित लोगों को नोटिस जारी किए जा रहे हैं. जिन्होंने गलत तरीके से राशन का लाभ लिया है, उनसे उसकी वसूली की जाएगी तथा आवश्यकतानुसार कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी. उन्होंने अयोग्य लाभुकों से स्वेच्छा से अपना नाम हटवाने की अपील की है.
प्रमोद सिंह (संपादक)





