जामताड़ा: श्रावणी मेला-2026 के दौरान बाबा बैद्यनाथ धाम आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल ने 29 जुलाई से 29 अगस्त 2026 तक प्रतिदिन तीन जोड़ी 12-कोच मेमू पैसेंजर स्पेशल ट्रेनों के संचालन की घोषणा की है. इन विशेष ट्रेनों के परिचालन से जसीडीह, आसनसोल, मोहनपुर और दुमका के बीच यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी. जामताड़ा स्टेशन पर इन ट्रेनों के ठहराव से जिले के यात्रियों को भी सीधा लाभ मिलेगा.



रेलवे की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, ट्रेन संख्या 03549 मोहनपुर–जसीडीह मेमू पैसेंजर स्पेशल प्रतिदिन सुबह 7.25 बजे मोहनपुर से प्रस्थान कर 7.55 बजे जसीडीह पहुंचेगी. इस ट्रेन का ठहराव देवघर स्टेशन पर भी होगा.
इसी क्रम में ट्रेन संख्या 03552 जसीडीह–आसनसोल मेमू पैसेंजर स्पेशल सुबह 8.10 बजे जसीडीह से रवाना होकर 11.00 बजे आसनसोल पहुंचेगी. यह ट्रेन कुमराबाद रोहिणी, शंकरपुर, मथुरापुर, मधुपुर जंक्शन, जोड़ामो, मदनकटा, विद्यासागर, कांसीटांड, जामताड़ा, चित्तरंजन, रूपनारायणपुर, सलानपुर, सीतारामपुर और बाराचक स्टेशनों पर रुकेगी.
वहीं, ट्रेन संख्या 03551 आसनसोल–जसीडीह मेमू पैसेंजर स्पेशल दोपहर 2.40 बजे आसनसोल से प्रस्थान कर शाम 5.15 बजे जसीडीह पहुंचेगी. वापसी मार्ग में भी इसका ठहराव बाराचक, सीतारामपुर, सलानपुर, रूपनारायणपुर, चित्तरंजन, जामताड़ा, कांसीटांड, विद्यासागर, मदनकटा, जोड़ामो, मधुपुर जंक्शन, मथुरापुर, शंकरपुर और कुमराबाद रोहिणी स्टेशनों पर होगा.
इसके अलावा ट्रेन संख्या 03554 जसीडीह–दुमका मेमू पैसेंजर स्पेशल शाम 5.25 बजे जसीडीह से रवाना होकर 7.15 बजे दुमका पहुंचेगी. यह ट्रेन देवघर, मोहनपुर, सिरसा नुनथर, घोरमारा, धनपतडीह, चंदनपहाड़ी, बासुकीनाथ, जामा और न्यू मदनपुर स्टेशनों पर रुकेगी.
ट्रेन संख्या 03553 दुमका–मोहनपुर मेमू पैसेंजर स्पेशल शाम 7.45 बजे दुमका से प्रस्थान कर रात 9.10 बजे मोहनपुर पहुंचेगी. इस ट्रेन का ठहराव न्यू मदनपुर, जामा, बासुकीनाथ, चंदनपहाड़ी, धनपतडीह, घोरमारा और सिरसा नुनथर स्टेशनों पर निर्धारित किया गया है.
रेलवे के अनुसार, सभी स्पेशल ट्रेनें 29 जुलाई से 29 अगस्त 2026 तक प्रतिदिन 12-कोच मेमू रेक के साथ संचालित होंगी. निर्धारित अवधि के दौरान प्रत्येक ट्रेन कुल 32 फेरे लगाएगी. इन अतिरिक्त रेल सेवाओं का उद्देश्य श्रावणी मेला के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ का सुचारु प्रबंधन करना तथा श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुविधाजनक और निर्बाध यात्रा उपलब्ध कराना है. रेलवे ने यात्रियों से इन विशेष ट्रेनों का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल





