जमशेदपुर: नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय का चौथा दीक्षांत समारोह आगामी 7 अगस्त को विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित होगा. दो दिवसीय इस समारोह में स्नातक, स्नातकोत्तर एवं पीएच.डी. के 1600 से अधिक विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी. कार्यक्रम के मुख्य अतिथि झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार होंगे.



विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार इस वर्ष 34 पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों को डिग्री प्रदान की जाएगी. वहीं शैक्षणिक सत्र 2025 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 40 विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक और 40 विद्यार्थियों को रजत पदक से सम्मानित किया जाएगा. इसके अलावा 36 शोधार्थियों को पीएच.डी. की उपाधि दी जाएगी.
दीक्षांत समारोह की तैयारियों को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन ने विभिन्न समितियों का गठन कर दिया है. अतिथियों के स्वागत, सुरक्षा, मंच संचालन, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं उपाधि वितरण सहित सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है.
विश्वविद्यालय के कुलाधिपति मदन मोहन सिंह ने कहा कि दीक्षांत समारोह विद्यार्थियों के जीवन का सबसे गौरवपूर्ण क्षण होता है. यह केवल डिग्री प्राप्त करने का अवसर नहीं, बल्कि वर्षों की मेहनत, अनुशासन और समर्पण का सम्मान है. उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार और उद्योगोन्मुखी कौशल विकास के लिए निरंतर कार्य कर रहा है.





