कांड्रा: गम्हरिया पावर सबस्टेशन सिस्टम-3 के फीडर संख्या-6 से जुड़े हजारों उपभोक्ता इन दिनों बिजली की अनियमित आपूर्ति से जूझ रहे हैं. क्षेत्र में बार-बार बिजली कटने और घंटों तक आपूर्ति बाधित रहने से लोगों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है. उपभोक्ताओं का आरोप है कि बिजली विभाग समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में प्रभावी कदम नहीं उठा रहा है.



स्थानीय लोगों के अनुसार पिछले कई दिनों से क्षेत्र में बिजली की आंख-मिचौली जारी है. कई बार घंटों तक बिजली नहीं रहने से घरों में लगे इनवर्टर और बैटरियां भी जवाब देने लगी हैं. इसका असर घरेलू कार्यों के साथ-साथ विद्यार्थियों की पढ़ाई, नौकरीपेशा लोगों के कामकाज और छोटे कारोबार पर भी पड़ रहा है.
उपभोक्ताओं का कहना है कि फीडर संख्या-6 का कार्यक्षेत्र काफी विस्तृत है, लेकिन उसके अनुरूप विभाग में पर्याप्त तकनीकी कर्मियों की तैनाती नहीं है. किसी स्थान पर लाइन फॉल्ट होने पर सीमित मैनपावर के कारण खराबी का पता लगाने और उसे दूर करने में काफी समय लग जाता है. परिणामस्वरूप बिजली आपूर्ति बहाल होने में कई घंटे लग जाते हैं.
लगातार बाधित हो रही बिजली आपूर्ति को लेकर उपभोक्ताओं में आक्रोश बढ़ता जा रहा है. कई स्थानों पर लोगों ने एकत्र होकर विभाग के प्रति नाराजगी जताई. स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया और मैनपावर की कमी दूर नहीं की गई, तो वे आंदोलन करने तथा पावर सबस्टेशन का घेराव करने के लिए बाध्य होंगे.
उपभोक्ताओं ने विद्युत विभाग से फीडर संख्या-6 के लिए पर्याप्त तकनीकी कर्मियों की तैनाती, फॉल्ट सुधार व्यवस्था को सुदृढ़ करने और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि क्षेत्र के लोगों को बार-बार हो रही परेशानी से राहत मिल सके.
रिपोर्ट: विपिन वार्ष्णेय





