जामताड़ा: जिले के कुंडहित थाना क्षेत्र अंतर्गत आसनसोल- दुमका मुख्य सड़क पर धेनुकडीह मोड़ के समीप रविवार शाम कार और मोटरसाइकिल की आमने- सामने की टक्कर में बाइक सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया है.



जानकारी के अनुसार, नाला थाना क्षेत्र के टेसजोड़िया पंचायत स्थित बसुडीह गांव निवासी राजीव वाउरी, विष्णु वाउरी और शुभंकर वाउरी हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (JH15F-4948) से कुंडहित से अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान नाला की ओर से आ रही क्रेटा कार (WB38AU-4134) से धेनुकडीह मोड़ के पास उनकी सीधी टक्कर हो गई.
टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे में उनके हाथ-पैर में फ्रैक्चर सहित शरीर के विभिन्न हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं.
घटना की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस तथा कुंडहित थाना प्रभारी प्रदीप कुमार, एएसआई संजय दास और पुलिस बल मौके पर पहुंचे. स्थानीय लोगों की सहायता से तीनों घायलों को कुंडहित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया.
हादसे के बाद क्रेटा कार में सवार सभी लोग वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए. पुलिस ने कार को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि बाइक पर सवार तीनों युवक बिना हेलमेट के तेज रफ्तार में सफर कर रहे थे. हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल





