जमशेदपुर: कारगिल विजय दिवस के अवसर पर नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) एवं कला संकाय के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में कारगिल युद्ध के वीर योद्धा माणिक बारदा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. विश्वविद्यालय परिवार ने उनका नागरिक अभिनंदन करते हुए शॉल और पुष्पगुच्छ भेंटकर सम्मानित किया. इस अवसर पर कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा युवाओं को राष्ट्रसेवा, अनुशासन और देशभक्ति का संदेश दिया गया.



विश्वविद्यालय के कुलाधिपति मदन मोहन सिंह ने कहा कि कारगिल विजय दिवस भारत की सैन्य शक्ति, अदम्य साहस और राष्ट्रीय स्वाभिमान का प्रतीक है. उन्होंने कहा कि कारगिल के वीर सैनिकों ने अपने सर्वोच्च बलिदान से देश की सीमाओं की रक्षा की और आने वाली पीढ़ियों के लिए राष्ट्रभक्ति एवं त्याग का आदर्श स्थापित किया. उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, ईमानदारी और राष्ट्रप्रेम को जीवन का मूल मंत्र बनाकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया.
कुलपति प्रो. (डॉ.) प्रभात कुमार पाणि ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए कहा कि कारगिल के वीर सैनिकों का साहस और बलिदान भारतीय इतिहास का स्वर्णिम अध्याय है. उन्होंने कहा कि युवाओं को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर चुनौतियों का सामना दृढ़ संकल्प, समर्पण और साहस के साथ करना चाहिए. विश्वविद्यालय विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्रीय मूल्यों के विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है.
*कारगिल विजय देश की अटूट इच्छाशक्ति की जीत*
मुख्य अतिथि एवं कारगिल युद्ध के वीर योद्धा माणिक बारदा ने अपने सैन्य जीवन के अनुभव साझा करते हुए कहा कि कारगिल युद्ध केवल भारतीय सेना की विजय नहीं, बल्कि देश के करोड़ों नागरिकों की अटूट इच्छाशक्ति, विश्वास और राष्ट्रभक्ति की जीत थी. उन्होंने कहा कि सीमा पर तैनात प्रत्येक सैनिक का सबसे बड़ा मनोबल देशवासियों का विश्वास और समर्थन होता है. उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए अनुशासित जीवन जीने और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया.
विश्वविद्यालय के कुलसचिव नागेंद्र सिंह ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. उन्होंने विद्यार्थियों से वीर सैनिकों के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने की अपील की.
कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय परिसर में पौधारोपण अभियान भी चलाया गया. मुख्य अतिथि, कुलपति, विश्वविद्यालय के पदाधिकारियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने संयुक्त रूप से लगभग 50 पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया.
इस अवसर पर विद्यार्थियों के लिए आशु भाषण, पोस्टर मेकिंग और पुस्तिका निर्माण प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया. प्रतियोगिताओं में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाणपत्र प्रदान किए गए, जबकि विजेताओं को प्रमाणपत्र एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया.
कार्यक्रम में डीन अकादमिक अभिनव कुमार, डीन रिसर्च डॉ. ईशिता घोष, पत्रकारिता एवं जनसंचार विभागाध्यक्ष दीपिका कुमारी, भूगोल विभागाध्यक्ष एवं एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी मौसमी मुर्मू, अवनी सहाय सहित विश्वविद्यालय के अन्य पदाधिकारी, संकाय सदस्य, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे. कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान तथा कारगिल के अमर शहीदों के बलिदान को सदैव स्मरण रखने एवं राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने की सामूहिक प्रतिज्ञा के साथ हुआ.





