जमशेदपुर: शहर में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं. ताजा मामला परसुडीह थाना क्षेत्र का है, जहां थाना से महज 100 मीटर की दूरी पर स्थित एक होटल को चोरों ने निशाना बनाया. शुक्रवार देर रात अज्ञात चोर होटल का ताला तोड़कर नकदी, गैस सिलेंडर और अन्य सामान लेकर फरार हो गए. घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत के साथ पुलिस की रात्रि गश्ती व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं.



जानकारी के अनुसार, अभिषेक हेल्थ केयर सेंटर के नीचे संचालित होटल के मालिक पशुपति नाथ शनिवार रात होटल बंद कर घर चले गए थे. शनिवार सुबह जब वे होटल पहुंचे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला. अंदर जाकर देखा तो होटल से दो गैस सिलेंडर, 1,300 रुपये नकद, पानी की पांच पेटी, कोल्ड ड्रिंक की तीन पेटी, लाहौरी जीरा, पान मसाला, सिगरेट समेत हजारों रुपये मूल्य का सामान गायब था.

सूचना मिलते ही परसुडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा चोरों की पहचान के प्रयास में जुटी है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि थाना से चंद कदम की दूरी पर चोरी की घटना होना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है. लोगों ने इलाके में रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.





