जामताड़ा: शहर के प्रमुख आस्था केंद्र रक्षा काली मंदिर के आसपास स्वच्छता व्यवस्था पूरी तरह बदहाल हो गई है. मंदिर के समीप से गुजरने वाली नाली, जिसमें कायस्थ पाड़ा बाजार और राजबाड़ी क्षेत्र का गंदा पानी बहता है, लंबे समय से साफ नहीं की गई है. सफाई के अभाव में नाली में कचरा जमा हो गया है और उसके ऊपर घनी झाड़ियां उग आई हैं. स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर पंचायत की उदासीनता के कारण समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है.



रक्षा काली मंदिर के समीप स्थित डीएन हाई स्कूल के निदेशक प्रदीप कुमार भैया ने बताया कि उन्हें याद नहीं है कि इस नाली की आखिरी बार कब सफाई हुई थी. उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सफाई कर्मी नियमित रूप से नहीं आते हैं. नाली पूरी तरह कचरे और झाड़ियों से ढंक चुकी है, जिससे यह पहचानना भी मुश्किल हो गया है कि वहां नाली मौजूद है.
उन्होंने बताया कि गंदगी और जलजमाव के कारण क्षेत्र में मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है. घर से बाहर निकलते ही मच्छरों का हमला शुरू हो जाता है, जिससे लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है. उनका कहना है कि शहरवासी होल्डिंग टैक्स सहित विभिन्न मदों में नगर पंचायत को नियमित रूप से कर का भुगतान करते हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें बुनियादी सुविधाएं नहीं मिल रही हैं और नारकीय स्थिति में रहने को मजबूर होना पड़ रहा है.
इस संबंध में पूछे जाने पर जामताड़ा नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी सोमा खंडेत ने कहा कि यदि कहीं भी साफ-सफाई या अन्य किसी प्रकार की समस्या है तो नागरिक सीधे उनके संपर्क नंबर पर सूचना दे सकते हैं. उन्होंने आश्वासन दिया कि रक्षा काली मंदिर से डीएन हाई स्कूल तक नाली की सफाई के लिए जल्द ही सफाई कर्मियों को भेजकर आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल





