
जमशेदपुर/ देहरादून: उत्तराखंड के देहरादून स्थित सिल्वर सिटी मॉल के पास हुए गैंगस्टर से कारोबार के क्षेत्र में कदम रखे विक्रम शर्मा हत्याकांड में देहरादून पुलिस ने फरार पांच शूटरों पर दो-दो लाख रुपये के इनाम की घोषणा की है. पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी घटना के बाद से फरार हैं और गिरफ्तारी से बचते रहे हैं.


इनाम घोषित किए गए आरोपियों में जमशेदपुर के बागबेड़ा बजरंग टेकरी निवासी आकाश कुमार प्रसाद, उलीडीह टैंक रोड निवासी जितेंद्र कुमार साहू, जुगसलाई निवासी आशुतोष कुमार सिंह, बागबेड़ा गाड़ाबासा निवासी विशाल सिंह तथा लोहरदगा के टांगराटोली निवासी अंकित कुमार वर्मा शामिल हैं.
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के घरों की कुर्की-जब्ती की कार्रवाई किए जाने के बाद भी उन्होंने आत्मसमर्पण नहीं किया. इसके बाद उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक पर दो-दो लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया है.
गौरतलब है कि 13 फरवरी को देहरादून के सिल्वर सिटी मॉल के पास जिम से निकलने के दौरान विक्रम शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. जांच के दौरान इस हत्याकांड में जमशेदपुर से जुड़े अपराधियों की संलिप्तता सामने आने का दावा पुलिस ने किया था.
इस मामले में डालनवाला थाना पुलिस अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है. वहीं, जमशेदपुर के बागबेड़ा निवासी राजकुमार सिंह, उनके पुत्र यशराज सिंह समेत दो आरोपियों को पहले ही जेल भेजा जा चुका है. फरार आरोपियों के घरों की कुर्की स्थानीय पुलिस के सहयोग से की गई थी. अब इनाम की घोषणा के बाद पुलिस को उनकी जल्द गिरफ्तारी की उम्मीद है.





