
जमशेदपुर: परसुडीह थाना क्षेत्र में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) परसुडीह मंडल ने रविवार को थाना प्रभारी को मांग-पत्र सौंपकर कानून-व्यवस्था मजबूत करने की मांग की. मंडल अध्यक्ष सुमित कुमार शर्मा के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्र में बढ़ते अपराध, नशे के कारोबार और पुलिस गश्ती को लेकर चिंता जताई.


भाजपा नेताओं ने ज्ञापन में कहा कि परसुडीह थाना क्षेत्र में हत्या, बलात्कार, चोरी, छिनतई, अड्डेबाजी, अवैध महुआ शराब की बिक्री तथा गांजा, अफीम और ब्राउन शुगर जैसे मादक पदार्थों का अवैध कारोबार लगातार बढ़ रहा है. इससे आम लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है.
प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस प्रशासन से अवैध शराब और नशीले पदार्थों के कारोबार के खिलाफ विशेष अभियान चलाने, अपराधियों पर कठोर कानूनी कार्रवाई करने तथा चोरी, छिनतई और अड्डेबाजी में शामिल असामाजिक तत्वों पर सख्ती से अंकुश लगाने की मांग की. साथ ही संवेदनशील इलाकों, प्रमुख चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर दिन-रात नियमित पुलिस गश्ती बढ़ाने की भी मांग उठाई.
भाजपा नेताओं ने कहा कि क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है. उन्होंने उम्मीद जताई कि पुलिस जनहित से जुड़े इस मुद्दे पर गंभीरता से कार्रवाई करेगी.
इस अवसर पर राम सिंह मुंडा, अवधेश सिंह, कुसुम पूर्ति, विजय विश्वकर्मा, माला मुंडा, नीलू मछुआ, आलोक भास्कर, रामप्रसाद जायसवाल, गिरजा दुबे, पी.के. करवा, अशोक सिंहा, अजय सिंह, राकेश सिंह, परशुराम साव, संजीव कुमार, दुर्गा सेनापति, दीपक करवा, आरती ओझा, प्रीतम सिंह, दीपक वर्णवाल, चुनमुन दुबे, राम हेंब्रम, सुमित यादव, महेश कुमार, संतोष दास सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे.
रिपोर्ट: अफ़रोज़ मल्लिक





