
आदित्यपुर: सरायकेला- खरसावां. जिले में अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने और आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी के निर्देश पर सभी थाना क्षेत्रों में लगातार पैदल गश्ती अभियान चलाया जा रहा है. इस अभियान का असर अब जमीन पर भी दिखाई देने लगा है. जहां एक ओर अपराधियों के बीच पुलिस की सक्रियता को लेकर खौफ का माहौल है, वहीं सार्वजनिक स्थानों पर अड्डेबाजी करने वाले असामाजिक तत्वों की भी मुश्किलें बढ़ गई हैं.


इसी क्रम में शनिवार को आरआईटी थाना प्रभारी रविकांत पाराशर पुलिस बल के साथ थाना क्षेत्र के प्रमुख बाजारों, चौक- चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पैदल गश्ती करते नजर आए. गश्ती के दौरान उन्होंने दुकानदारों, व्यापारियों और स्थानीय लोगों से संवाद स्थापित किया तथा सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया.
थाना प्रभारी रविकांत पाराशर ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि वे बिना किसी भय के अपना व्यवसाय करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या असामाजिक तत्व की सूचना तत्काल पुलिस को दें. उन्होंने कहा कि पुलिस से डरने की नहीं, बल्कि पुलिस को अपना सहयोगी समझने की जरूरत है. पुलिस जनता की सुरक्षा और सेवा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है.
पैदल गश्ती के दौरान पुलिस टीम ने कई स्थानों पर खड़े संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की तथा सार्वजनिक स्थलों पर अनावश्यक भीड़ और अड्डेबाजी करने वालों को सख्त हिदायत दी. पुलिस की इस सक्रियता से आम लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है, जबकि असामाजिक तत्वों में बेचैनी देखी जा रही है.
जिला पुलिस अधीक्षक का कहना है कि कानून- व्यवस्था बनाए रखने, अपराध की रोकथाम और लोगों में विश्वास कायम करने के उद्देश्य से यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा. उनका मानना है कि जनता के सहयोग से ही अपराध पर प्रभावी नियंत्रण संभव है और इसी सोच के साथ सामुदायिक पुलिसिंग को भी प्राथमिकता दी जा रही है.
Edited By Shubham Mishra





