चांडिल: आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को नीमडीह थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक की संयुक्त अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी एवं पुलिस निरीक्षक ने की.



बैठक में शांति समिति के सदस्य, जनप्रतिनिधि, अखाड़ा समिति के प्रतिनिधि तथा क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे. अधिकारियों ने मोहर्रम के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, आपसी भाईचारा कायम रखने तथा सामाजिक सौहार्द को मजबूत करने की अपील की.

बैठक के दौरान जुलूस के निर्धारित मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण तथा संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी को लेकर विस्तार से चर्चा की गई. अधिकारियों ने कहा कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस या प्रशासन को दें.
प्रशासन ने सभी समुदायों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि मोहर्रम का पर्व आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाया जाए. बैठक में मौजूद शांति समिति के सदस्यों ने भी प्रशासन को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया. बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई.
रिपोर्ट: विकास ठाकुर





