
जामताड़ा: प्रखंड के शहरपुरा पंचायत अंतर्गत बेना गांव में मंगलवार शाम तेज आंधी और बारिश के दौरान हुए वज्रपात ने एक पशुपालक परिवार की आजीविका पर बड़ा संकट खड़ा कर दिया. आकाशीय बिजली गिरने से काजल महतो की एक दुधारू गाय की मौके पर ही मौत हो गई.


जानकारी के अनुसार, बारिश के दौरान गाय खुले स्थान पर थी. इसी बीच अचानक वज्रपात हुआ और गाय उसकी चपेट में आ गई. बिजली गिरने से गाय ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया. इस घटना से पशुपालक परिवार को करीब 40 हजार रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है.
घटना की सूचना मिलते ही शहरपुरा पंचायत के मुखिया परेश मुर्मू मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी. उन्होंने संबंधित विभाग को मामले की जानकारी देकर सरकारी प्रावधान के तहत मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया.
मुखिया परेश मुर्मू ने कहा कि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित परिवार को जल्द से जल्द आर्थिक सहायता मिलनी चाहिए, ताकि उन्हें राहत मिल सके.
वहीं ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित पशुपालक को शीघ्र मुआवजा देने की मांग की है. साथ ही लोगों से अपील की गई है कि बारिश और वज्रपात के दौरान खुले स्थानों, खेतों और पेड़ों के नीचे जाने से बचें तथा सुरक्षित स्थानों पर ही शरण लें.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल






