
जामताड़ा: केंद्र सरकार की पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और आम लोगों तक सोलर ऊर्जा की सुविधा पहुंचाने के उद्देश्य से मंगलवार को जामताड़ा के ब्लॉक रोड स्थित Metaz Services and Technologies Private Limited एवं AstoVision Career Solutions Private Limited के संयुक्त सहयोग से नए कार्यालय का उद्घाटन किया गया.


कार्यालय का उद्घाटन बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता अभिषेक आनंद, इलेक्ट्रिक सप्लाई सर्किल के मैनेजिंग डायरेक्टर सरवर खान तथा अन्य अधिकारियों ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया. इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, जनप्रतिनिधि और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे.
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सरवर खान ने कहा कि सौर ऊर्जा भविष्य की सबसे महत्वपूर्ण और अक्षय ऊर्जा है. उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार पीएम सूर्य घर योजना के तहत सोलर पैनल लगाने के लिए आकर्षक सब्सिडी उपलब्ध करा रही है, जिससे उपभोक्ताओं की लागत काफी कम हो जाती है. उन्होंने कहा कि कंपनी भी सरकारी सब्सिडी के अतिरिक्त विशेष लाभ और जीरो डाउन पेमेंट पर ऋण सुविधा उपलब्ध करा रही है, ताकि अधिक से अधिक परिवार इस योजना का लाभ उठा सकें.
कार्यपालक अभियंता अभिषेक आनंद ने कहा कि योजना का उद्देश्य देश के प्रत्येक घर तक सौर ऊर्जा पहुंचाना है. उन्होंने बताया कि अधिक से अधिक घरों में सोलर पैनल लगने से बिजली की खपत कम होगी, विद्युत व्यवस्था पर दबाव घटेगा और उपभोक्ताओं के बिजली बिल में भी उल्लेखनीय कमी आएगी. साथ ही पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा.
उन्होंने लोगों से योजना के पोर्टल पर आवेदन कर सरकारी सब्सिडी का लाभ उठाने की अपील की. कार्यक्रम में जामताड़ा जिले के डिस्ट्रीब्यूटर ताहिर अंसारी, तैयब अंसारी, हरीश अंसारी, मोहम्मद मोफिज, कमरुद्दीन अंसारी, अजय मेहता, विकास यादव, इकराम अंसारी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे.
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने लोगों से स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि सौर ऊर्जा न केवल बिजली खर्च कम करने का प्रभावी माध्यम है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल






