
जामताड़ा: जिले के मिहिजाम थाना क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में विदेशी शराब जब्त की है. इस कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है.


पुलिस के अनुसार, 21 जून की रात थाना प्रभारी प्रदीप राणा को गुप्त सूचना मिली थी कि हांसीपहाड़ी रोड स्थित दो दुकानों में देर रात तक अवैध रूप से शराब और अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री की जा रही है. सूचना मिलते ही थाना प्रभारी के निर्देश पर विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया.
पुलिस अवर निरीक्षक गुलशन कुमार सिंह के नेतृत्व में एएसआई राकेश कुमार और सशस्त्र बल की टीम ने रात करीब 10:30 बजे दोनों दुकानों पर छापेमारी की. पुलिस को देखते ही मौके पर अफरा- तफरी मच गई, लेकिन घेराबंदी कर दोनों दुकानों की तलाशी ली गई.

छापेमारी के दौरान हांसीपहाड़ी निवासी जीतू बाउरी (26) के पास से 180 एमएल की मैकडॉवेल ब्रांड की 18 बोतलें और इंपीरियल ब्लू की 23 बोतलें बरामद की गईं. वहीं नंदू यादव उर्फ नन्दलाल यादव (24) के पास से 180 एमएल की इंपीरियल ब्लू की 25 बोतलें और मैकडॉवेल ब्रांड की 30 बोतलें जब्त की गईं.
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपी शराब बिक्री से संबंधित कोई वैध लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सके. इसके बाद मिहिजाम थाना में दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 274, 275, 292 तथा उत्पाद अधिनियम की धारा 47(ए) के तहत कांड संख्या 41/26 दर्ज किया गया है.
पुलिस ने मामले की जांच एएसआई सुजान रेवानी को सौंपी है. थाना पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा. इस कार्रवाई के बाद अवैध कारोबारियों में हड़कंप है, जबकि स्थानीय लोगों ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना की है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल






