
जमशेदपुर: गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित रामदेव बगान में 14 जून की रात हुई सनसनीखेज गोलीबारी की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. मामले में मुख्य आरोपी शुभम कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है. उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक लोडेड पिस्टल, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद किया गया है.


डीएसपी संजीव कुमार ने बताया कि 14 जून की रात करीब 11:30 बजे हुई फायरिंग में सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के टाटा लाइन निवासी 29 वर्षीय दीपक कुमार झा गंभीर रूप से घायल हो गए थे. घटना के बाद गोलमुरी थाना में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109(1), 352 तथा आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत मामला दर्ज किया गया था.
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष जांच टीम का गठन किया गया. तकनीकी और मानवीय सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 20 जून को मुख्य आरोपी शुभम कुमार को गिरफ्तार कर लिया. आरोपी गोलमुरी के देबुन बगान स्थित टाटा लाइन का रहने वाला है, जबकि उसका स्थायी पता बिहार के सिवान जिले के माहपुर गांव का है.
पुलिस पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ. जांच में सामने आया कि गोलीबारी की वजह कोई पुरानी दुश्मनी नहीं, बल्कि शराब पीने के दौरान हुआ विवाद था. पुलिस के मुताबिक, शराब नहीं पिलाने से नाराज शुभम कुमार ने गुस्से में दीपक कुमार झा पर गोली चला दी.
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई लोडेड पिस्टल, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद कर लिया है. पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि इस घटना में अन्य किसी व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं. मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच जारी है.
Edited By Sarita


