
आदित्यपुर: सरायकेला- खरसावां जिले के आदित्यपुर स्थित नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में रविवार को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया. इस वर्ष की थीम “योगमय झारखंड” के अनुरूप आयोजित कार्यक्रम में मेडिकल कॉलेज के संकाय सदस्यों, चिकित्सकों, कर्मचारियों और एमबीबीएस छात्रों ने बढ़- चढ़कर भाग लिया.


प्रशिक्षित योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया. योग सत्र के दौरान स्वस्थ जीवनशैली, तनाव प्रबंधन, मानसिक संतुलन और शारीरिक फिटनेस के लिए योग के महत्व पर विशेष जोर दिया गया.
महाविद्यालय प्रशासन ने कहा कि योग भारत की प्राचीन और अमूल्य धरोहर है. यदि इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाया जाए तो व्यक्ति शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक रूप से स्वस्थ रह सकता है. उन्होंने विशेष रूप से चिकित्सा छात्रों और स्वास्थ्यकर्मियों से नियमित योग अपनाने की अपील करते हुए कहा कि स्वस्थ चिकित्सक ही स्वस्थ समाज के निर्माण में प्रभावी भूमिका निभा सकते हैं.
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने योग को जन- जन तक पहुंचाने, नियमित रूप से योगाभ्यास करने और स्वस्थ समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया. उत्साहपूर्ण सहभागिता के साथ संपन्न यह आयोजन महाविद्यालय की समग्र स्वास्थ्य और जनकल्याण के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक बना.
Edited By Sarita


