
सरायकेला: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को खरसावां थाना परिसर में पुलिसकर्मियों ने फिटनेस और अनुशासन का संदेश दिया. थाना प्रभारी राहुल कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस पदाधिकारियों और जवानों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया.


योग सत्र के दौरान पुलिसकर्मियों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया. कार्यक्रम में शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक संतुलन, तनाव प्रबंधन और सकारात्मक सोच के महत्व पर भी विशेष जोर दिया गया. पुलिस जवानों ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ योगाभ्यास कर नियमित रूप से योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का संकल्प लिया.
इस अवसर पर थाना प्रभारी राहुल कुमार सिंह ने कहा कि योग भारत की प्राचीन और अमूल्य धरोहर है. नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ, मन शांत और कार्यक्षमता बेहतर होती है. उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों को चुनौतीपूर्ण और तनावपूर्ण परिस्थितियों में कार्य करना पड़ता है, इसलिए उनके लिए योग किसी औषधि से कम नहीं है.
उन्होंने आम नागरिकों से भी प्रतिदिन योग करने की अपील करते हुए कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए योग को जन-जन तक पहुंचाना जरूरी है. योग केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि स्वस्थ और अनुशासित जीवन जीने की निरंतर प्रक्रिया है.
रिपोर्ट: प्रमोद सिंह


